महोबा , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र मे मंगलवार को एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि मुख्यालय के सुभाष नगर मे उप कारागार के पीछे सुनसान इलाके मे पड़े मिले शव की पहचान प्रियंका रायकवार (22) के रूप मे की गयी है। उसका मकान घटना स्थल से कोई 200 मीटर दूर बताया गया है। पिता मानिक चंद्र समेत परिवार के सभी लोग कल रात गेंहूँ काटने गए थे और घर मे प्रियंका अकेली रह गयी थीं। सुबह टहलने के लिए निकले लोगो ने युवती का शव वीराने मे पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। उन्होने कहा कि युवती अपने घर से दूर सुनसान क्षेत्र मे कैसे पहुंची तथा उसकी हत्या की गयी यह अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन शव के प्रारम्भिक परीक्षण मे उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए है। पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पंचनामा भर कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित