महोबा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र में गुरुवार को मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि हमीरपुर जिले के कैथा गांव निवासी संजना (20) पिछले कुछ समय से अपनी ननिहाल लिधौरा खुर्द में रह रही थी। आरोप है कि उसका रिश्ते में मामा लगने वाला बंगरा निवासी सत्यम उस पर शादी का दबाव बना रहा था और इंकार करने पर उसे बदनाम करने की धमकी देता था।
डीएसपी के अनुसार, मृतका की मां अनसुइया की तहरीर में कहा गया है कि संजना के उत्पीड़न में उसका सगा मामा महिपाल भी शामिल था। आरोप है कि परिवार के कुछ लोग जबरन सत्यम से उसकी शादी कराने की योजना बना रहे थे, जिससे आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। बताया गया कि संजना ने आत्महत्या से पहले अपनी मां को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी थी और खुद को बेहद डरा हुआ बताया था।
पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर सत्यम, उसके भाई कृष्णा, पिता जयपाल और महिपाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित