महोबा , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि बिलबई गांव में सोमवार को लगभग 50 वर्षीय श्यामवती का शव खेत में संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं था, हालांकि सीने में घाव मिलने पर पहले सर्पदंश की आशंका जताई गई थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि महिला के सीने में 12 बोर की गोली मारी गई थी तथा शरीर से बड़ी संख्या में छर्रे भी मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है।

पुलिस के अनुसार, घटना की नई दिशा में शुरू की गई जांच के दौरान मृतका के पुत्र नीरज ने अपने बहनोई भूपेंद्र पर हत्या का शक जताया है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पूर्व में कई बार उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी की पत्नी मीरा हाल ही में अपने बेटे के साथ मायके आई थी, लेकिन वह कुछ दिनों से लापता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और संदिग्ध आरोपी भूपेंद्र की तलाश शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित