महोबा , नवम्बर 04 -- माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2027 के लिए उत्तर प्रदेश के महोबा जिले मे प्रस्तावित 29 परीक्षा केन्द्रों की समीक्षा में चार परीक्षा केन्द्र मानकविहीन पाए गए। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार क़ी अध्यक्षता मे आयोजित बैठक में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2027 की परीक्षा के लिए बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों के आवंटन सहित उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर जनपद में प्रस्तावित 29 परीक्षा केन्द्रों पर विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के दौरान चार परीक्षा केन्द्र निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इनमें अखण्ड मुक्तानन्द हाईस्कूल ग्योड़ी, केजीबीवी जैतपुर, श्री बजरंग इण्टर कॉलेज गढ़ोखरधाम पनवाड़ी तथा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज रामनगर, राठ रोड महोबा शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि बैठक में पांच नवीन परीक्षा केन्द्रों के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। इनमें सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज महोबा, साईं इण्टर कॉलेज महोबा, शिशु शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज महोबा, श्री ब्रह्मचारी इण्टर कॉलेज खन्ना तथा हमीदिया इस्लामिया इण्टर कॉलेज पनवाड़ी शामिल हैं। हमीदिया इस्लामिया इण्टर कॉलेज पनवाड़ी पूर्व के वर्षों में भी परीक्षा केन्द्र रह चुका है।
समिति की बैठक में परीक्षार्थियों को आवंटित परीक्षा केन्द्रों की अधिक दूरी तथा कुछ केन्द्रों पर निर्धारित धारण क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध संसाधनों, निर्धारित मानकों और व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने नवीन प्रस्तावित परीक्षा केन्द्रों का उपजिलाधिकारी महोबा एवं उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ के माध्यम से पुनः स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण निर्धारित मानकों एवं आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाए, जिससे यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 को सुचारु, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित