महोबा , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के कुलपहाड़ क्षेत्र मे शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग पुजारी की गला रेत कर हत्या कर दी। उनका रक्तरंजित शव आज सुबह मिलने से सनसनी फैल गयी। पुलिस उप अधीक्षक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि जैतपुर मे बेलासागर के फूलबाग़ घाट पर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी 70 वर्षीय उदय भान का रक्तरंजित शव शनिवार सुबह मंदिर मे पड़ा पाया गया। हत्यारो ने मृतक के गले मे किसी धारदार हथियार से हमला किया. जिससे उसकी मौत हो गयी। सुबह के समय दर्शन पूजन के लिए मंदिर पहुँचे श्रद्धालुओं ने पुजारी को मृत पड़ा देखा तो ह्ड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे मे लिया है और पंचनामा भर कर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
उन्होने कहा कि पुजारी की हत्या क्यों की गई यह जांच उपरान्त ही स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीणों के अनुसार उदय भान सीमावर्ती हमीरपुर जिले मे राठ क्षेत्र के अमगाँव के निवासी थे और पिछले करीब बीस वर्षो से वह जैतपुर के हनुमान मंदिर मे पुजारी के रूप मे कार्य कर रहे थे। वह पूरे दिन मंदिर मे रहकर पूजा अर्चना करते थे और शाम होने पर सोने के लिए पास मे स्थित दूसरे विंध्य वासिनी मंदिर चले जाते थे।
श्री कुमार ने कहा कि लेकिन कल रात वह सोने के लिए दूसरे मंदिर क्यों नहीं गये.इस पर लोग सवाल उठा रहे है। पुजारी की हत्या हो जाने की खबर फ़ैलते ही भारी संख्या मे भीड़ मोके पर जुट गयी। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह समेत पुलिस के उच्च अधिकारियो ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है. पुलिस की फारेंसिक टीम घटना की जांच पड़ताल मे जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित