महोबा , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के खन्ना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की लाठी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि ग्योड़ी गांव निवासी रामाधार वर्मा (78) कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले उपकरण की मरम्मत कराने के लिए गांव के लोहार शिवदास विश्वकर्मा के घर गया था। शिवदास अपने मकान के बाहर बनी भट्टी पर काम कर रहा था और रामाधार उसके सामने बैठा था।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान अचानक शिवदास का पुत्र हरिशंकर (35) घर के भीतर से बाहर आया और हाथ में ली हुई लाठी से रामाधार पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामाधार खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर रामाधार के परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए कबरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

श्री गौड़ ने बताया कि पुलिस ने घटना के आरोपी हरिशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक के परिजनों ने आरोपी युवक को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित