महोबा , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा सदर कोतवाली क्षेत्र के रेपुरा कला ग्राम पंचायत अंतर्गत बनिया तला गांव में बारात घर की मांग को लेकर शुक्रवार को 13 नाबालिग लड़कियां जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गयी। उन्होंने अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए गांव में जल्द बारात घर बनवाने की मांग की। किशोरियों ने कहा कि गांव में बारात घर नहीं होने के कारण शादी-विवाह के आयोजनों में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई बार लोगों के ताने भी सुनने पड़ते हैं। कलेक्ट्रेट मे अपर जिलाधिकारी सुखबीर सिंह से अपनी समस्या को लेकर मिली किशोरियों ने बताया कि बनिया तला गांव की आबादी करीब 1700 है। गांव में जूनियर हाईस्कूल होने के बावजूद बारात घर जैसी बुनियादी सामुदायिक सुविधा का अभाव है। आसपास के कई गांवों और मजराें में बारात घर बनाए गए हैं, लेकिन उनके गांव में अब तक इसकी व्यवस्था नहीं हो सकी है। हर साल कई परिवारों में बेटियों की शादी होती है। बारात आने पर ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खेतों में टेंट लगाना पड़ता है। इससे परिवारों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। बारात घर के अभाव में ग्रामीणों को सामाजिक रूप से भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

किशोरियों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान से कई बार बारात घर बनवाने की मांग की गई, लेकिन उसने अनसुनी कर दी जिससे उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि सरकारी स्कूल में किसी कार्यक्रम के लिए जगह मांगने पर भी अनुमति नहीं मिलती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित