महोबा , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में रविवार को बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने से अनुसूचित वर्ग के तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने देर रात तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि रिवई गांव स्थित राजकीय मॉडल स्कूल के मैदान में रविवार शाम आसपास के कुछ बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे। इसी दौरान तीन बच्चे मैदान में बरसाती पानी से भरे गड्ढेनुमा पोखर में उतर गए और गहरे पानी में डूब गए।
उन्होंने बताया कि देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान पोखर में बच्चों के शव उतराते दिखाई दिए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान प्रिंस (11) पुत्र मनोज, उसकी चचेरी बहन रोशनी (9) पुत्री जियालाल और अंशुल (6) पुत्र खलक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों अत्यंत निर्धन परिवारों से ताल्लुक रखते थे।
परिजन दिलीप ने बताया कि तीनों बच्चे गांव में अपने दादा-दादी के साथ रह रहे थे, जबकि उनके माता-पिता मजदूरी करने के लिए दिल्ली गए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार आरएन मिश्रा, नायब तहसीलदार विकास गोयल, कानूनगो प्रदीप खरे और लेखपाल मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने के लिए कार्रवाई शुरू की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित