महोबा , दिसंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना में हुये करोड़ों के घोटाले में मुख्य आरोपी इफ्को टोकियो बीमा कम्पनी के शाखा प्रबंधक समेत चार अभियुक्तों को पुलिस ने बुधवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी प्रकरण में मुकदमा पंजीकृत होने के बाद कोई दो माह से फरार चल रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने गुरूवार को बताया की पुलिस ने इफ्को टोकियो बीमा कम्पनी की महोबा शाखा के तत्कालीन प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी, सी एच सी संचालक ब्रज गोपाल अरजरिया, श्याम लाल सेन और अरविन्द यादव को महोबकंठ के पास से उस समय गिरफ्तार किया ज़ब वह सीमावर्ती मध्य प्रदेश निकल भागने की कोशिस कर रहे थे. पुलिस की घेराबंदी देख अभियुक्तों ने सरेंडर कर दिया। शाखा प्रबंधक पिछले तीन माह से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि फर्जी फ़सल बीमा मामले में जिले में अब तक छह से अधिक एफ आई आर दर्ज की जा चुकी हे जिनके तहत ढाई दर्जन से ऊपर लोगो को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि महोबा जिले में प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना में लगभग 48 करोड़ के घोटाले का मामला तीन माह पहले प्रकाश में आया था। घोटालेबाजो ने बीमा कम्पनी से सांठ गाँठ करके न सिर्फ किसानों की भूमि के बल्कि नदी, जंगल, पहाड़ आदि के भी फर्जी बीमा करके रकम हड़प ली। वर्ष 2024 में खरीफ फसल के दौरान हुये गए इस घोटाले का खुलाशा खराब फ़सल के पिछले दिनों मुआवजे का वितरण के दौरान हुआ तो यहां ह्ड़कंप मच गया। मामले में किसानों को हुयी भारी आर्थिक क्षति पर किसान संगठन सड़को पर आ गए. किसानों के आंदोलन प्रदर्शन से प्रशासन की नींद टूटी. जिसके बाद उप निदेशक कृषि अभय कुमार यादव द्वारा 26 लोगो के खिलाफ नामजद एफ आई आर दर्ज कराई गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फर्जी बीमा घोटाले की पुलिस द्वारा की गयी विस्तृत जांच में अब तक कोई 35 लोगो को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। पकड़े गए लोगो में ज्यादातर इफ्को टोकियो के लिए गाँव - गाँव में काम करने वाले एजेंट प्रमुख है। इसके अलावा कृषि विभाग में कार्यरत दो कर्मचारियो को भी गिरफ्तार किया गया है. सम्पूर्ण घोटाले का सूत्रधार बताया जा रहा बीमा कम्पनी का शाखा प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी की गिरफ्तारी के लिए बुंदेलखंड किसान यूनियन के बैनर तले किसानों द्वारा महोबा के तहसील परिसर में बीते दो माह से अनशन किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित