महोबा , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के खरेला क्षेत्र में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसके पिता को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि चंदोली गांव में दो पक्षों के बीच चली आ रही रंजिश सोमवार को हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि एक पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर हमला कराया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर नरेंद्र लोधी (40) को घर से बाहर बुलाया और उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता मंगल राजपूत (65) पर भी आरोपियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में प्रिंस राजपूत, मुन्ना, संतोष, मानसिंह और नंद किशोर समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित