महोबा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के महोबकंठ क्षेत्र में मंगलवार को केवलारी नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि गाड़ौ गांव निवासी 18 वर्षीय निहाल साहू अपनी बकरियां चराने के लिए केवलारी नदी किनारे गया था। उसके साथ गांव का ही 11 वर्षीय हिर्देश भी मौजूद था। दोनों नदी किनारे बकरियां चरा रहे थे, तभी अचानक हिर्देश का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। हिर्देश को बचाने के लिए निहाल साहू नदी की ओर दौड़ा, लेकिन वह भी चिकनी बालू में फिसलकर गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक दोनों किशोर पानी में समा चुके थे।

ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों को बाहर निकाला और परिजनों की मदद से उन्हें मध्य प्रदेश के हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को नौगांव रेफर कर दिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। नौगांव स्वास्थ्य अधीक्षक ने जांच के बाद दोनों किशोरों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही महोबकंठ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मध्य प्रदेश पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार मुकुल पांड्या ने बताया कि मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित