महोबा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया है।.मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस उप अधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि मृतक अनुज साहू (24) पुत्र संतोष साहू दो भाइयों में छोटा था। वह कबाड़ की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दोपहर मे वह खाना खाने घर जा रहा था कि तभी बांदा रोड पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने अनुज को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने झांसी मिर्ज़ापुर राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे थोड़ी ही देर मे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित