महोबा , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में पड़ा मिला। शिक्षक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि बारात पहाड़ी गांव के पास शिक्षक भगत सिंह राजपूत (50) का शव मिला है। वह बरी गांव के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष भी थे।
मूल रूप से बारात पहाड़ी गांव निवासी भगत सिंह अपने परिवार के साथ महोबा के आलमपुरा मोहल्ले में रहते थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह अपने पैतृक गांव से दूध लेकर बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार सुबह करीब चार बजे इठर पहाड़िया के पास उनका शव और बाइक बरामद हुई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बाइक की स्थिति और सिर पर लगी चोट किसी साजिश की ओर इशारा करती है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित