महोबा , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में सोमवार देर रात खनिज, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 16 ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया गया। टीम ने इस दौरान एक स्टोन क्रेशर पर छापा मारकर फर्जी दस्तावेज और रॉयल्टी चोरी का मामला भी पकड़ा है। पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि कबरई क्षेत्र में खनिज राजस्व चोरी की शिकायतें शासन स्तर तक पहुंचने के बाद जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज के निर्देश पर खनिज, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने अलीपुरा स्थित नई मंडी में मध्य रात्रि छापेमारी की, जहां ओवरलोड गिट्टी लादकर निकल रहे 16 ट्रकों को पकड़ा गया।

जांच में पाया गया कि ट्रकों के पास खनिज परिवहन के वैध प्रपत्र मौजूद नहीं थे। बिना रॉयल्टी प्रपत्र के इन ट्रकों को एक स्टोन क्रेशर से गिट्टी लोड कर एनआर (नॉन-रॉयल्टी) निकाला जा रहा था। सभी ट्रकों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि संयुक्त टीम ने मंडी स्थित 'ॐ नमः शिवाय स्टोन क्रेशर' में तड़के सघन जांच की, जहां अभिलेखों में भारी अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि क्रेशर से ट्रकों में एनआर गिट्टी लोड कर शासन को लाखों रुपये के राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही थी। खनिज विभाग के अधिकारी बरामद दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। मामला सही पाए जाने पर क्रेशर प्लांट को सील करने और खनन पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कबरई खनिज मंडी से प्रतिदिन लगभग पांच हजार ट्रक गिट्टी लादकर विभिन्न महानगरों को भेजे जाते हैं। आरोप है कि रसूखदार माफिया के संरक्षण में सक्रिय दलाल और लोकेशन गैंग बड़ी संख्या में वाहनों को बिना रॉयल्टी एनआर निकालते हैं, जिससे शासन को भारी राजस्व हानि होती है। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से खनिज मंडी क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित