महोबा , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिला प्रशासन ने अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नौ सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टास्क फ़ोर्स मे शामिल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सघन चेकिंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि टास्क फोर्स में जिलाधिकारी अध्यक्ष होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक अथवा पुलिस आयुक्त द्वारा नामित पुलिस उपायुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/प्रभारी खनन, प्रभागीय वनाधिकारी, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी/सहायक पुलिस आयुक्त, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सदस्य बनाए गए हैं। जनपदीय ज्येष्ठ खान अधिकारी/खान अधिकारी/खनन निरीक्षक को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

एडीएम ने बताया कि टास्क फोर्स को निर्देशित किया गया है कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक माह न्यूनतम दो औचक निरीक्षण किए जाएं। इसके अतिरिक्त नियमित प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी। टास्क फोर्स द्वारा प्रत्येक सप्ताह सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण एवं कार्रवाई की सूचना प्रत्येक माह की पांच तारीख तक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होने बताया कि इस बाबत एक अलग आदेश मे अवैध खनन और परिवहन की जांच के लिए सप्ताह के अलग-अलग दिनों में अधिकारियों की टीमें भी निर्धारित की हैं। सोमवार से रविवार तक विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस और खनन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि जिले में लगातार निगरानी बनी रहे। इसके तहत निर्धारित दिनों में संबंधित अधिकारी संयुक्त रूप से जांच और चेकिंग करेंगे तथा अवैध खनन, खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग जैसी अनियमितताओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। यह भी निर्देशित किया गया है कि जिला स्तरीय मासिक बैठक में प्रवर्तन कार्यों की प्रभावी समीक्षा की जाए। यदि संबंधित कार्यों में शिथिलता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित