खरगोन , अप्रैल 28 -- महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित "गोदा ते नर्मदा, पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी जलयात्रा-2026" का भव्य समापन 29 अप्रैल को मध्यप्रदेश के महेश्वर स्थित अहिल्या घाट पर होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार यह यात्रा 25 अप्रैल को महाराष्ट्र के नाशिक जिले के त्र्यंबकेश्वर से प्रारंभ हुई थी, जिसे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा चोंडी से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रवाना किया था। यात्रा महाराष्ट्र के पांच और मध्यप्रदेश के तीन जिलों से गुजरते हुए लगभग 30 नदी घाटियों का जल और चोंडी की पवित्र मिट्टी लेकर महेश्वर पहुंचेगी।

करीब 500 जलयात्रियों की भागीदारी वाली इस यात्रा का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा देवी अहिल्याबाई होलकर के जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।

समापन समारोह में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के कई जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद-विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की उपस्थिति से महेश्वर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बनने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित