देहरादून , फरवरी 22 -- भाजपा ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुए विवाद मे रायपुर विधायक से ज़बाब तलब और उनके घटना के लिए माफी मांगे जाने के बाद, सभी से इस मामले को अनावश्यक तूल नहीं देने का आग्रह किया है।
देहरादून के बलबीर रोड स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में रविवार को पत्रकारों के सवालों का ज़बाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस प्रकरण को पार्टी ने पूरी गंभीरता से लिया है, जिसके बाद देर रात विधायक उमेश काऊ ने उनके सामने अपना पक्ष रखा है।
जिसमें उन्होंने घटना को लेकर खेद भी जताया है। फिलहाल विधायक ने समर्थकों के साथ शिक्षा अधिकारी की घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली गई है। अब इस मुद्दे पर अनावश्यक चर्चा या तूल देने से सभी को बचना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह के उपद्रव, अराजकता या अशोभनायीय व्यवहार के पक्ष में नहीं है, चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, पार्टी पदाधिकारी हो, कार्यकर्ता हो अथवा अन्य कोई व्यक्ति।
वहीं अधिकारी कर्मचारियों को भी ध्यान रखना चाहिए कि वे जनप्रतिनिधियों से किस तरह का व्यवहार करें। यह हमारी देवभूमि है और इस तरह का कोई भी व्यवहार न राजनैतिक दलों को स्वीकार है और न ही समाज इसे स्वीकार करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित