नारनौल , जुलाई 30 -- हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के 39 गांवों और नांगल चौधरी शहर समूह में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 284.18 करोड़ रुपये की पेयजल संवर्धन योजना को तकनीकी मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
रणवीर सिंह गंगवा ने बताया कि परियोजना को तीन पैकेजों में लागू किया जाएगा। पहले पैकेज का 53.47 करोड़ रुपये का कार्य आवंटित किया जा चुका है और निर्माण शुरू हो गया है। योजना के तहत सिरोही बहाली, मुसनोता और आसरावास में तीन नए स्वतंत्र जलघर बनाए जाएंगे। इसके अलावा नांगल दर्गू और नांगल चौधरी (मोहनपुर) के मौजूदा जलघरों के लिए कच्चे पानी की नई राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि दूसरे और तीसरे पैकेज की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दूसरे पैकेज पर 30.69 करोड़ रुपये तथा तीसरे पैकेज पर 41.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। तीसरे पैकेज में मुसनोता जलघर और नांगल दर्गू व नांगल चौधरी में दूसरे लिफ्टिंग स्टेशन का निर्माण भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित