भोपाल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उन्हें नमन किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार लोकतंत्र की मजबूती, समान अधिकार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। समाज के हर वर्ग की भागीदारी और समानता ही उनके सपनों का मूल आधार था।
इसके पश्चात श्री पटवारी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां विधायक आतिफ अकील द्वारा स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री पटवारी ने कहा कि बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक समानता को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग संविधान को चुनौती देते हैं, वे केवल औपचारिक रूप से बाबा साहब को नमन करते हैं। उन्होंने सरकार से अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के बैकलॉग पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित