बैतूल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में महुआ बीनने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की कथित पिटाई से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना सिंगरई खापा गांव की है, जहां 48 वर्षीय खुड्डा धुर्वे अपने खेत की मेड़ पर महुआ बीन रहा था। इसी दौरान गांव का ही राकेश धुर्वे भी उसी पेड़ के दूसरी ओर महुआ एकत्र कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

बताया गया कि विवाद के दौरान आरोपी ने डंडे से हमला कर खुड्डा धुर्वे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी लक्ष्मी धुर्वे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी हरिओम पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महुआ बीनने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी की तलाश की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित