वॉशिंगटन , मार्च 29 -- अमेरिका ने महीनों से जारी तेल प्रतिबंध के बीच रूसी स्वामित्व वाले एक कच्चे तेल के टैंकर को क्यूबा पहुंचने की अनुमति दे दी है।
'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट में रविवार को बताया गया कि करीब 7.30 लाख बैरल तेल लेकर चल रहा यह टैंकर रविवार शाम क्यूबा के जलक्षेत्र से कुछ मील की दूरी पर था और सोमवार रात तक मातांज़ास बंदरगाह पहुंचने की संभावना जतायी गयी है।
अमेरिकी तटरक्षक बल के पास क्षेत्र में दो पोत मौजूद थे, जो इस टैंकर को रोक सकते थे, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने उन्हें कार्रवाई का निर्देश नहीं दिया। इस संबंध में एक अमेरिकी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रूसी जहाज के पहुंचने से क्यूबा में तेजी से गहराते ऊर्जा संकट की दिशा बदल सकती है और देश को ईंधन समाप्त होने से पहले कुछ सप्ताह की राहत मिल सकती है।
जनवरी से ट्रंप प्रशासन ने क्यूबा पर तेल प्रतिबंधों का नया दौर लागू किया है और कई बार सैन्य कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रशासन क्यूबा में शासन परिवर्तन के प्रयासों पर भी विचार कर रहा है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फ्लोरिडा में कहा था कि ईरान के खिलाफ युद्ध में प्रगति हो रही है और "अगली बारी क्यूबा की है।"रूस के विदेश मंत्रालय ने 17 मार्च को क्यूबा पर बढ़ते अमेरिकी दबाव को लेकर गंभीर चिंता जताई थी और कैरेबियाई देश के प्रति समर्थन का आश्वासन दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित