रांची , दिसंबर 27 -- महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के रविवार को शुरु हो रहे दूसरे संस्करण में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजियों में देश भर के शीर्ष प्रतिभाशाली और प्रमुख अंतररराष्ट्रीय खिलाड़ी एक मैच पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।
महिला लीग के सभी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेलें जायेंगे। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजी - रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची बंगाल टाइगर्स - खिताब के लिए स्पर्धा करेंगी। टूर्नामेंट डबल राउंड-रॉबिन प्रारुप में खेला जाएगा, जिसमें लीग फेज में हर टीम दूसरी टीमों से दो बार खेलेगी, जिसके बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी 2026 को ग्रैंड फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट में 13 मैच खेले जायेंगे।
पिछले सीजन में, ओडिशा वॉरियर्स ने पहला महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का खिताब जीता था, जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता रही थी। टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के अलावा नीदरलैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन और ग्रेट ब्रिटेन देशों के खिलाड़ी स्पर्धा के लिए मैदान में उतरेंगे। इस दौरान रांची रॉयल्स घरेलू दर्शकों के सपोर्ट का फायदा उठाकर पूरा जोर लगाएगी, जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स और एसजी पाइपर्स भी पिछले सीजन में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहने के बाद इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा करने की कोशिश करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित