जयपुर , जुलाई 19 -- नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) जयपुर महानगर एवं पिंक सिटी महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को यहां महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमका आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एनएमओ जयपुर महानगर की सचिव डॉ आशा लता ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की आधारशिला होती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ज़ुम्बा का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे अपने दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार के महत्व को देखते हुए महिलाओं को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि हृदय गति रुकने जैसी स्थिति में समय पर सही प्राथमिक सहायता देकर किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा राजयोग का अभ्यास कराया गया। इस दौरान मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं तनावमुक्त जीवन के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित