जशपुर , फरवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कोल्हेनझरिया में पदस्थ मेडिकल लैब तकनीशियन के महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता मामले में गठित जांच समिति ने आरोपी से जवाब मांगा है।
अस्पताल सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार, कोल्हेनझरिया पीएचसी में तैनात लैब तकनीशियन संजय कुर्रे द्वारा लगातार महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी की और जब विरोध किया गया तो अभद्रता और धमकी पर उतर आए। इस व्यवहार से नर्सिंग स्टाफ में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित नर्सिंग स्टाफ ने रात्रि ड्यूटी से इनकार करने और आपातकालीन सेवाओं के बहिष्कार की चेतावनी तक दे दी थी, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के बाधित होने की आशंका पैदा हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जीएस जात्रा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में बीएमओ कुनकुरी डॉ. किरंती कुजूर को अध्यक्ष तथा बीएमओ लोदाम डॉ. ए.डी. तिर्की, पब्लिक नर्सिंग सुपरवाइजर कुनकुरी ललिता पैंकरा और लेखापाल जशपुर वैभव सोनी को सदस्य बनाया गया है।
समिति को सात दिवस के भीतर पूरे प्रकरण की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही, सीएमएचओ ने आरोपी लैब तकनीशियन संजय कुर्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिवस के भीतर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आरोपों के संबंध में अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित