रायबरेली , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के थाना नसीराबाद क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बुधवार को बताया कि बीते दिनों नसीराबाद इलाके में महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में अफजल उर्फ गोरखा निवासी अमेठी तथा गुड्डू उर्फ रिजवान व मुकीम उर्फ मोदी निवासी रायबरेली शामिल हैं। मुठभेड़ के दौरान अफजल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी नसीराबाद भेजा गया है।
श्री आलोक सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार-बुधवार की देर रात करीब एक बजे की है, जब थाना नसीराबाद क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट लिया गया था। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में लगी थी, इसी दौरान घेराबंदी के समय बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और तीनों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटे गए मंगलसूत्र को बेचकर प्राप्त 14,530 रुपये, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (315 बोर) तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। उनसे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित