चंडीगढ़ , अक्टूबर 02 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बहरीन से आई एक महिला से जुड़े मामले को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) और अकाली दल (बादल) के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं।

श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि मामले में वित्तीय लेन-देन और महिला के लंबे समय तक एसजीपीसी की सराय में रहने से जुड़े कई सवालों का अभी स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।

शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में श्री पन्नू ने कहा कि मामले से संबंधित कथित ऑडियो और सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि महिला ने अमरजीत सिंह चावला पर आठ महीने तक सराय में रहने के दौरान शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल किया कि एसजीपीसी के नियमों के तहत एक अकेली महिला को इतने लंबे समय तक सराय में कमरा किस आधार पर दिया गया और उसके रहने का खर्च किसने उठाया। उन्होंने एसजीपीसी नेतृत्व से कथित वित्तीय लेन-देन का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। श्री पन्नू ने पूछा कि कितना पैसा स्थानांतरित हुआ, वह कहां से आया और किसे दिया गया।

श्री पन्नू ने अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा द्वारा महिला के चरित्र पर कथित सवाल उठाए जाने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि आरोपों की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए।

एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी द्वारा गठित जांच समिति पर सवाल उठाते हुए श्री पन्नू ने कहा कि मामले की जांच ऐसी व्यवस्था के तहत होनी चाहिए जिसमें सभी संबंधित पक्षों से निष्पक्ष तरीके से पूछताछ हो सके। उन्होंने पंजाब पुलिस की जांच में सहयोग करने के बजाय सीबीआई जांच की मांग किए जाने के औचित्य पर भी सवाल उठाया।

आप मीडिया प्रभारी ने कहा कि महिला के सराय में रहने, कथित वित्तीय लेन-देन और वायरल ऑडियो से जुड़े सभी तथ्यों की जांच दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष जांच जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित