केसीजी , जून 14 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले की साल्हेवारा पुलिस ने महिला को लिफ्ट देने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने यह जानकारी रविवार को दी।
पुलिस के अनुसार विगत 08 जून को 25 वर्षीय महिला मनरेगा कार्य के लिए चूल्हा खोदरा के जंगल की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान ग्राम देवपुराघाट निवासी सिरताज खान अपने साथी रितेश मारकंडे के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और महिला को लिफ्ट देने के बहाने वाहन पर बैठा लिया।
बताया गया कि बांधाटोला स्थित एक खेत के पास आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोककर महिला के साथ अभद्रता एवं छेड़छाड़ की। महिला के विरोध और शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना साल्हेवारा में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(2), 3(5) तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(11) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सिरताज खान (29) और रितेश मारकंडे (18 वर्ष 9 माह), निवासी देवपुराघाट, को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। साथ ही आरोपी रितेश मारकंडे की शिनाख्त परेड कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई। दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित