धार , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस ने महिला से चेन झपटने और लोगों को धमकाने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक 12 बोर का देशी कट्टा जब्त किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना एक दिन पूर्व शाम करीब 8 बजे की है, जब एक महिला शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थी। मंदिर के गेट पर आरोपी आजम अली ने उसे रोका और 500 रुपये का नोट देकर गुप्त दान करने का झांसा दिया। महिला के मना करने पर आरोपी पैर छूने के बहाने झुका और अचानक उसके गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगा।

महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को घेरने का प्रयास किया, जिस पर उसने कमर से देशी कट्टा निकालकर हवा में लहराया और मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की। हालांकि क्षेत्र के लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 6 ग्राम की सोने की चेन, एक 12 बोर का देशी कट्टा तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी आजम अली, निवासी सेंधवा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ मारपीट और जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपी ने गुजरात में भी चेन स्नेचिंग की वारदात करना स्वीकार किया है, जिसकी जानकारी पुलिस खंगाल रही है। इस कार्रवाई में कुक्षी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित