रायपुर , मार्च 10 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा शुरू की गई पिंक पेट्रोल यूनिट का सकारात्मक असर अब शहर में दिखाई देने लगा है। महिलाओं, छात्राओं और आमजनों के बीच इस पहल को लेकर सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और लोगों से लगातार सराहना मिल रही है।

पिछले दो दिनों के दौरान पिंक पेट्रोलिंग टीम ने शहर के विभिन्न गर्ल्स स्कूल और कॉलेजों में स्कूल लगने और छुट्टी के समय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं की सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 9479210932 की जानकारी दी गई तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया।

इसके साथ ही टीम ने मॉल, मंदिर, मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन गार्डन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल-कॉलेजों के आसपास भीड़ लगाकर खड़े रहने वाले युवकों और मनचलों को हटाया गया तथा हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई।

पिंक पेट्रोल यूनिट की सक्रियता से महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है। यह यूनिट प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक दो पाली में कार्य कर रही है। सुबह के समय मॉर्निंग वॉक वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके अलावा अलग-अलग समय में मंदिरों, स्कूल-कॉलेजों, मॉल, सब्जी बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित