पटना , जून 08 -- बिहार की समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने सोमवार को महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आज महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

मंत्री ने मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, महिला हेल्पलाइन-181, वन स्टॉप सेंटर (सखी), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कामकाजी महिला छात्रावास, महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास कार्यक्रम सहित निगम की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण, पुनर्वास, आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।इस दौरान उन्होंने निगम का भ्रमण कर महिला हेल्पलाइन-181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के संचालन, शिकायत निवारण व्यवस्था तथा प्रदान की जा रही सहायता सेवाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं एवं बच्चों को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा हेल्पलाइन सेवाओं का विस्तार राज्य के प्रत्येक जिले एवं पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

बैठक में अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास, निगम के प्रबंध निदेशक धर्मेन्द्र कुमार सहित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित