शिवपुरी , जुलाई 8 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग में लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने एक महिला सरपंच और उसके पति को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायत जंगीपुरा की सरपंच केशवती और उसके पति खेमचंद कोली ने कपिलधारा योजना के तहत कुएं की राशि के भुगतान के एवज में फरियादी राहुल से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने मामले का सत्यापन कराया और कार्रवाई की योजना बनाई।
आज निर्धारित योजना के तहत फरियादी जब सरपंच के निवास पर 20 हजार रुपये की रिश्वत की राशि देने पहुंचा, तभी पहले से मौजूद लोकायुक्त पुलिस की टीम ने महिला सरपंच और उसके पति को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित