वाराणसी , अप्रैल 24 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी आगमन पर आयोजित होने वाले विशाल महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा, जिला व महानगर पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं, जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया।
श्री चौधरी ने कहा कि, "प्रत्येक दायित्व महत्वपूर्ण है; जिसे जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा से निभाना है।" उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में श्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के साथ ही 'विकसित भारत' का संकल्प लिया था और इस संकल्प को साकार करने के लिए देश की आधी आबादी की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को दोहराते हुए कहा- "जब नारी सशक्त होती है, तो समाज सशक्त होता है और जब समाज सशक्त होता है, तो राष्ट्र मजबूत होता है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से बिल लाया गया, लेकिन विपक्ष के अड़ंगे के कारण पहले यह पारित नहीं हो सका था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है। साथ ही, उन्होंने 'तीन तलाक' विरोधी कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख करते हुए महिलाओं, पिछड़ों और अनुसूचित जाति वर्ग की आर्थिक उन्नति, सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी तथा उनके अधिकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर चर्चा की।
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिया कि सम्मेलन की सफलता के लिए बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जाए। प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुँचकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत का अवसर नहीं है, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार के संकल्प का प्रदर्शन भी होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के कंधों पर है। इस सम्मेलन से यह संदेश जाएगा कि महिलाएँ हर बड़ी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने में सक्षम हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित