प्रयागराज , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज महिला रेल यात्री का सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला यात्री ने दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। ट्रेन में यात्रा के दौरान महिला यात्री के लेबर पेन होने लगा,जिस पर ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत सूबेदारगंज स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर रेलवे स्टाफ की मदद से महिला यात्री का सुरक्षित प्रसव कराया गया। महिला ट्रेन नंबर 03294 डाउन पटना स्पेशल से यात्रा कर रही थी। ट्रेन सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर सुबह 10:40 बजे पहुंची,तभी एक यात्री द्वारा सूचना आरपीएफ को दी गई कि एक महिला यात्री को लेबर पेन हो रहा है।
सूचना पर सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने प्रभारी निरीक्षक सूबेदारगंज को सूचना दी,आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक महिला स्टाफ के साथ प्लेटफार्म नंबर 6 पर पहुंचे और एंबुलेंस को बुलाया। महिला यात्री ज्योति कुमारी भदोही जिले के कोईरौना थाना क्षेत्र के महिया थान सिंह गांव की रहने वाली है। महिला यात्री अपने परिजनों के साथ नई दिल्ली से प्रयागराज का जनरल टिकट पर यात्रा कर रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित