पटना, मार्च 28 -- बिहार के सबसे छोटे जिले शिवहर में महिला मुखिया सशक्तिकरण और शिक्षा की मिसाल बनकर उभरी हैं।

शिवहर जिले के पुरनहिया ब्लॉक के दोस्तिया पंचायत की मुखिया सुनैना देवी ने शादी के बाद इस क्षेत्र को अपना घर बनाया और यहां बदलाव की मुहिम शुरू की। वर्ष 2022 में मुखिया पद का चुनाव लड़कर उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की और उसके बाद से लगातार महिलाओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की राह दिखा रही हैं।

मुखिया सुनैना देवी का मानना है कि शिक्षा ही समाज को आगे ले जा सकती है। उन्होंने पंचायत की महिलाओं और लड़कियों के बीच नियमित संवाद कर उन्हें घर की चारदीवारी से बाहर निकलने, अपनी बात रखने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनकी निरंतर कोशिशों का नतीजा अब दिख रहा है। आज दोस्तिया पंचायत की लगभग आधा दर्जन लड़कियां और महिलाएं पास के प्राइवेट स्कूलों में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं और अपनी मेहनत से कमाई कर रही हैं। इसके अलावा कई लड़कियां सरकारी शिक्षिका बनकर न सिर्फ खुद को सशक्त बना रही हैं, बल्कि पूरे इलाके के लिए महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा बन गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित