नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को यहां महिला एवं बाल विकास विभाग के दो दिन के शिखर सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि इस सम्मेलन में सभी राज्यों के महिला एवं बाल विकास क्षेत्र से जुड़े राजनीतिक प्रतिनिधि और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। यह विभागीय शिखर सम्मेलनों की उस श्रृंखला का दूसरा सम्मेलन है, जिसका उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाकर साझा प्राथमिकताओं पर मिलकर काम करना और बेहतर परिणाम हासिल करना है।
सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को नए रूप में तैयार करना, कमजोर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, संस्थागत और कानूनी व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रमुख योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और परिणामों के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाना शामिल है।
सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकारों से जुड़े हितधारक क्षेत्र की प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे, अच्छी कार्यप्रणालियों को साझा करेंगे, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर विचार करेंगे और बेहतर शासन तथा सेवाओं की व्यवस्था के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर सहमति बनाने की दिशा में काम करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित