भोपाल , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश में महिला स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला सुरक्षा शाखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेश के सभी महिला पुलिस थानों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें एवं स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ मशीनें स्थापित की गई हैं। इस पहल से थानों में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ वहां आने वाली महिला आवेदकों को भी सुविधा मिलेगी।

विशेष पुलिस महानिदेशक, महिला सुरक्षा श्री अनिल कुमार ने बताया कि देसाई फाउंडेशन ट्रस्ट एवं गृहुम हाउसिंग फाइनेंस के सहयोग से प्रत्येक महिला पुलिस थाने में एक सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक थाने में 1000 सेनेटरी नैपकिन भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सामग्री सहज रूप से मिल सके।

उन्होंने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी महिला पुलिस थानों में आरओ मशीनें भी लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त महिला यातायात पुलिसकर्मियों को सुरक्षित ड्यूटी संचालन के लिए हेलमेट भी प्रदान किए गए हैं।

इस परियोजना के अंतर्गत केवल आधारभूत सुविधाएं ही नहीं, बल्कि महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला आवेदकों को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं हाईजीन से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे जागरूकता बढ़ाने के साथ व्यवहारिक सुधार भी सुनिश्चित किया जा सके।

परियोजना के अगले चरण में राज्य के सभी पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों को शामिल किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षण केंद्रों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, इंसीनेरेटर की स्थापना, 1000 सेनेटरी नैपकिन की उपलब्धता, सुरक्षित निस्तारण तथा मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी। यह परियोजना महिला सुरक्षा शाखा के तत्वाधान में निरंतर क्रियान्वित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित