फरीदाबाद , अगस्त 13 -- राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवीएंडएसीबी) फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर तावड़ू, जिला नूंह में तैनात महिला पुलिसकर्मी एल/एचसी प्रियंका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता का नाम दर्ज प्राथमिकी की जांच से हटाने के एवज में कुल 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसवीएंडएसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि थाना तावड़ू में दर्ज प्राथमिकी की जांच से उसका नाम हटाने के बदले महिला पुलिसकर्मी 20 हजार की रिश्वत मांग रही थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी से पहले ही पांच हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुकी थी और शेष 15 हजार रुपये की मांग कर रही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसवीएंडएसीबी फरीदाबाद ने नियमानुसार आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान एल/एचसी प्रियंका को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत थाना एसवीएंडएसीबी, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित