लखनऊ , सितंबर 12 -- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछने वाली पत्रकार से कथित पूछताछ को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है और पत्रकारों का काम जनहित से जुड़े सवालों को सत्ता के सामने रखना है। श्री अजय राय ने कहा, "सवाल पूछना इतना बड़ा गुनाह हो गया है कि अब सवाल पूछने वाली पत्रकार से ही पूछताछ होने लगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार दिव्या श्रीवास्तव ने सवाल पूछा तो इसके बाद सत्ता के गलियारों में बेचैनी दिखाई देने लगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पत्रकार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घेरने और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) से पूछताछ कराए जाने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस कार्रवाई के पीछे किसका आदेश था।
अजय राय ने कहा कि यदि पत्रकार ने कोई अपराध किया है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यदि उसका अपराध केवल सत्ता से सवाल पूछना है तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि पत्रकार सवाल पूछेगा तो उसका जवाब दिया जाना चाहिए, जांच एजेंसियों को नहीं भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का काम सत्ता की जय-जयकार करना नहीं, बल्कि जनहित के सवाल सरकार के सामने रखना है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता को सवालों से डर लगने लगा है और सवाल पूछने वाले को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पूरे मामले का वीडियो देखने और खुद तय करने की अपील की कि सवालों से कौन डर रहा है और जवाब देने से कौन बच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित