बलौदाबाजार , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल क्षेत्र में एक महिला को नौकरी लगाने का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने कसडोल थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग कसडोल में कार्यरत वाहन चालक सुरेन्द्र टंडन ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने 29 और 30 दिसंबर 2024 को आवेदन तैयार करने के बहाने उसे सरकारी अस्पताल कसडोल के पास स्थित अपने शासकीय आवास में बुलाया। इस दौरान आरोपी ने उसके पति को फोटोकॉपी कराने के बहाने बाहर भेज दिया और मौके का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसकी नौकरी नहीं लगेगी और उसे नुकसान पहुंचाया जाएगा। साथ ही आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर चार हजार रुपये की मांग भी की। महिला ने बताया कि सामाजिक डर और लोकलाज के कारण वह अब तक चुप रही, लेकिन अब उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि " शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी"।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित