अलवर , मार्च 18 -- राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में एक महिला के तेजाब पीकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिन पहले महेंद्र जैन के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में संदेह के आधार पर वहां काम करने वाली एक महिला के खिलाफ शिवाजी पार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसमें महिला ने चोरी करने की बात भी कबूल कर ली थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इसी दौरान महिला ने आरोप लगाया कि मकान मालिक महेंद्र जैन उससे छेड़छाड़ और बदतमीजी करता था, जिसके चलते उसने काम छोड़ दिया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया। इसके बाद घटना से आहत होकर महिला ने तेजाब पी लिया। परिजनों ने भी पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
इस बीच शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि महिला के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया गया है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला का इलाज जारी है और उसे जयपुर भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित