शहडोल , मई 31 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे चारों की मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अनिता सिंह (32) ने अपनी बेटियों ऋतिका सिंह (7), कृष्ण कुमारी (4) और अर्पिता सिंह (2) के साथ विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक ऋतिका सिंह की सांसें चल रही थीं, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। अन्य तीनों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

घटना के समय परिवार का मुखिया, जो वाहन चालक है, घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित