चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने कहा कि भारत अब महिला सशक्तिकरण से आगे बढ़कर महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर हो रहा है। उन्होंनेबताया कि हरियाणा सहित देशभर में महिलाओं द्वारा संचालित स्टार्टअप में बढ़ोतरी उनकी नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता का प्रमाण है।

श्री घोष मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन के वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रथम महिला मित्रा घोष भी मौजूद रहीं।

उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताया और कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। नवाचार, कौशल विकास और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उन्होंने छात्राओं से समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

स्नातक छात्राओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह एक नयी शुरुआत है और जीवन में सफलता निरंतर सीखने, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से मिलती है।

राज्यपाल ने कॉलेज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान पिछले छह दशकों से गुणवत्तापूर्ण और मूल्यपरक शिक्षा प्रदान कर रहा है। इस दौरान उन्होंने पीएचडी उपाधियां वितरित कीं, उत्कृष्ट छात्राओं को सम्मानित किया और कॉलेज की शोध पत्रिका 'न्यू होराइजन्स' का विमोचन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित