रायपुर , अगस्त 15 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सामने एक युवक को कार से कुचल कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार चालक दुर्ग-भिलाई निवासी भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उदया सोसायटी टाटीबंध निवासी परमप्रीत सिंह पिता विक्रम सिंह (33) के रूप में हुई है। परमप्रीत ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता था। उसका शव एम्स में रखा गया है और आज पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे एम्स के सामने हुई। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के अनुसार परमप्रीत ने अपनी परिचित युवती को भरत मंगनानी के साथ कार में जाते देखा था। इसके बाद उसने कार रुकवाई और युवती से सड़क पर विवाद करने लगा। युवती कार से नीचे उतर गई। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी।
पुलिस ने बताया कि परमप्रीत सिंह निवासी सेक्टर-04, उदया सोसायटी का आरोपी भरत मंगनानी के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान भरत मंगनानी ने एम्स के सामने अपनी कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका और कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में कार चलाता रहा।
पुलिस के मुताबिक कार से गिरने के बाद परमप्रीत के ऊपर आरोपी ने दोबारा कार चढ़ा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। दो बार वाहन से टक्कर मारने और घटनाक्रम की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
घटना की सूचना पुलिस को कुछ विलंब से मिली। इसके बाद अतिरिक्त अपर पुलिस उपायुक्त राहुलदेव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल तथा पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ युवती से भी पूछताछ की है।
पुलिस के अनुसार भिलाई निवासी युवती से परमप्रीत की दोस्ती थी और दोनों की शादी तय होने वाली थी। कुछ परिचितों ने दोनों को मंगेतर भी बताया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करने के साथ फरार आरोपी भरत मंगनानी की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित