चंडीगढ़ , मार्च 03 -- महिला दिवस के अवसर पर ग्रामीण महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भगवंत मान सरकार राज्य भर की 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित करने के लिए तैयार है। इसके लिए अब तक 28,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं।

ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने मंगलवार को घोषणा की कि 18 मार्च को होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत शीर्ष 100 उद्यमियों को 25,000-25,000 रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए श्री सौंद ने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से 100 स्वयं सहायता समूह की 11,700 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। बारह मार्च से जिला स्तरीय कार्यक्रम शुरू होंगे, जहां 23 जिलों में से प्रत्येक से 100 महिला उद्यमियों (कुल 2,300) को सम्मानित किया जाएगा। अठारह मार्च को मुख्य समारोह होगा, जहां एक समिति द्वारा चुनी गयी सर्वश्रेष्ठ 100 महिलाओं को 25,000 रुपये देकर प्रत्येक को पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य भर में कुल 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

श्री सौंद ने मिशन के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य में वर्तमान में लगभग 58,000 स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं, जिनसे करीब छह लाख ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं। पंजाब सरकार इन लाभार्थियों को 30,000 रुपये का रिवॉल्विंग फंड, 50,000 रुपये का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड और सात प्रतिशत की ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान कर रही है। वित्तीय सहायता के साथ-साथ महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्केट लिंकेज, बैंकिंग सहायता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच प्रदान की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित