बीजापुर, मार्च 08 -- त्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज थाना कोतवाली बीजापुर में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास को बढ़ाना तथा थाने में आने से संबंधित किसी भी प्रकार की झिझक को समाप्त करना था।
जिला पीआरओ से आज (रविवार) मिली जानकारी के अनुसार,कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा झंडा दिखाकर महिलाओं की बाइक रैली को रवाना करने के साथ हुई। यह बाइक रैली महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का संदेश देते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाइक रैली के समापन के बाद थाना परिसर में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सोम पुजारी, जनप्रतिनिधि नीना रावतिया, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू, कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक और अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुनर्वास केंद्र से आत्मसमर्पित महिलाएं, स्वास्थ्य विभाग की महिलाएं, डीआरजी की महिला जवान, यातायात स्टाफ और बड़ी संख्या में थाना स्टाफ भी मौजूद था।
अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित सभी गणमान्य महिलाओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सोम पुजारी ने कहा कि महिलाएं समाज की मुख्य शक्ति हैं और वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू ने अपने उद्बोधन में महिलाओं को आत्मविश्वासी और निर्भीक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज की नारी कमजोर नहीं बल्कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने महिलाओं से अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि कानून और पुलिस सदैव उनके साथ खड़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित