नयी दिल्ली , मार्च 08 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की मॉडल टाउन, दिल्ली इकाई में रविवार सुबह महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य और वेलनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े सत्रों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत फिटनेस गतिविधियों, स्वास्थ्य जागरूकता और विशेषज्ञों के साथ संवाद से हुई। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में "महिलाओं का स्वास्थ्य सबसे पहले" विषय पर चर्चा की गई। इसके तहत महिलाओं के लिए जुम्बा फिटनेस सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को रोजमर्रा की व्यस्तता के बीच अपने स्वास्थ्य के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित करना था।

विशेषज्ञ सत्र में अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की निदेशक एवं एचओडी डॉ. सोनल ने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार और काम की जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना और किसी भी समस्या को अनदेखा न करना बेहद जरूरी है।

वहीं, डॉ. ज्योति चुग ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक संतुलन महिलाओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तो पूरा परिवार भी स्वस्थ रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित