रूद्रपुर , फरवरी 26 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रूद्रपुर में गैंगरेप जैसे जघन्य मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पुलिस ने एक कलयुगी देवर को भी गिरफ्तार किया है। एक आरोपी उपचाराधीन है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 22 फरवरी को भदईपुरा निवासी एक महिला से सरस मेला से लौटते वक्त सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 24 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) 70(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के दिन पीड़िता अपने देवर करन के साथ रूद्रपुर सरस मेला घूमने आयी थी। रात को घर लौटते वक्त पीड़िता के देवर के परिचित दो युवकों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी तीन युवक दो मोटरसाइकिल से आये और पीड़िता को ठंडी सडक क्षेत्र में सुनसान जगह में ले गये और आराेप है कि अभय सक्सेना उर्फ चाइना और राजा रस्तोगी ने पीड़िता के साथ मुंह काला किया। आरोप है कि उस वक्त महिला का देवर करन और विशाल भी मौके पर थे लेकिन दोनों ने घटना का विरोध नहीं किया।
यह भी आरोप है कि इससे पहले पीड़िता के देवर ने आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना, विशाल गुप्ता और राजा रस्तोगी से मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गये।
पीड़िता से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सर्वप्रथम डिजिटल साक्ष्य एकत्र किये तथा मामले में धारा 3(5) और 115(2) की वृद्धि की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये तीन टीमों का गठन किया। आखिरकार पुलिस ने तीन आरोपियों राजा रस्तोगी निवासी वार्ड संख्या 18, पाल आटा चक्की के पीछे खेड़ा, रूद्रपुर, विशाल गुप्ता उर्फ बिट्टू निवासी वार्ड 01, गैस एजेंसी, यूनियन गली, रेलवे स्टेशन के पास किच्छा, ऊधम सिंह नगर और करन सिंह निवासी वार्ड नंबर-14 भदईपुरा, बंगाली मंदिर के पास रूद्रपुर शामिल है।
मुख्य आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना निवासी वार्ड संख्या 14 भदईपुरा, रूद्रपुर का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से बुधवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया था।
अस्पताल से छूटने के बाद आरोपी के खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। श्री गणपति ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सशक्त पैरवी के साथ ही कठोरतम दंड दिलाया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित