लखनऊ , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोमतीनगर स्थित सेज क्रिकेट एकेडमी में आयोजित स्वर्गीय राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियां खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उप मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय राधिका सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित