मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , मई 27 -- छत्तीसगढ़ की मोहला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना मोहला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छुरिया (वार्ड नं. 17) निवासी शीतल नेताम (23) ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस द्वारा प्रारंभ में मर्ग क्रमांक 26/25, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामले की जांच की जा रही थी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन कर बारीकी से जांच शुरू की गई।
जांच के बाद डायरी विवेचना हेतु आजाक थाना को सुपुर्द की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वार्ड नं. 03 मोहला निवासी आरोपी सूरज उर्फ सोनू राजपूत (31) द्वारा शीतल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा था।
शीतल ने आरोपी की ओर से लगातार किए जा रहे उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर ही आत्मघाती कदम उठाया।
तथ्यों के आधार पर थाना मोहला में आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और परिजनों से पूछताछ के बाद आरोपी की संलिप्तता पूरी तरह सिद्ध हुई। पुलिस ने 25 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित