नैनीताल , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के ज्योलीकोट में बुधवार को तेंदुए ने 52 साल की एक महिला को मार डाला। शव को वन विभाग की टीम ने कब्ज़े में ले लिया है।
नैनीताल वन प्रभाग की उप-प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद ने बताया कि घटना नैनीताल ज़िले के भीमताल ब्लॉक के तहत ज्योलीकोट के ज्योली गांव में सामने आई है। यहां तेंदुए ने एक महिला को मार डाला है। मृतका की पहचान हेमा पांडे (52) पत्नी दया किशन पांडे के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतका अन्य महिलाओं के साथ जंगल में चारा लेने गई थीं। महिलायें जंगल में अलग अलग घास काट रही थीं। थोड़ी देर बाद, महिलाओं ने हेमा को आवाज़ दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद, महिलाएं गांव लौट आईं और अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, वन विभाग को भी सूचित किया और महिला की तलाश शुरू कर दी। घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अभी तक तेंदुआ भीमताल में कई महिलाओं को मार चुका है लेकिन वन विभाग सोया हुआ है।
इससे पहले भी सूर्य गांव से एक आदमखोर तेंदुआ पकड़ा गया था। ग्रामीणों ने आदमखोर तेंदुए को पकड़ने की मांग की और पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने की मांग की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग की ओर से परिवार को मुआवज़ा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीओ ने बताया कि इलाके में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और कर्मचारियों की गश्त बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित